Tarun Tejpal Convicted :- वर्ष 2013 के चर्चित रेप मामले में तहलका के पूर्व संपादक तरुण तेजपाल को बड़ा झटका लगा है। बॉम्बे हाई कोर्ट की गोवा बेंच ने उन्हें दोषी ठहराते हुए वर्ष 2021 में ट्रायल कोर्ट द्वारा दिए गए बरी करने के फैसले को पलट दिया। यह फैसला गोवा सरकार की अपील पर सुनाया गया है।
यह मामला नवंबर 2013 का है, जब तहलका की एक जूनियर महिला सहयोगी ने आरोप लगाया था कि गोवा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान होटल की लिफ्ट में तरुण तेजपाल ने उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले की जांच के बाद उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। हालांकि, मई 2021 में गोवा की ट्रायल कोर्ट ने सबूतों के अभाव का हवाला देते हुए उन्हें बरी कर दिया था। इसके खिलाफ गोवा सरकार ने हाई कोर्ट में अपील दायर की थी।
बॉम्बे हाई कोर्ट की गोवा बेंच ने ट्रायल कोर्ट के फैसले को गलत ठहराते हुए उसे निरस्त कर दिया और तरुण तेजपाल को दोषी करार दिया। अब सजा की अवधि पर अलग से सुनवाई होगी, जिसके बाद अदालत सजा का ऐलान करेगी।
इस फैसले को लंबे समय से चल रहे इस हाई-प्रोफाइल मामले में महत्वपूर्ण कानूनी घटनाक्रम माना जा रहा है। करीब 13 वर्ष पुराने इस मामले में हाई कोर्ट के निर्णय के बाद अब सभी की नजर सजा पर होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी है।