West Bengal Loudspeaker Action :- पश्चिम बंगाल में ध्वनि प्रदूषण की बढ़ती शिकायतों के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो दिनों के भीतर करीब 1,500 धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर हटवा दिए। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई निर्धारित ध्वनि सीमा का उल्लंघन करने वाले धार्मिक स्थलों पर की गई और इसमें सभी समुदायों के धार्मिक स्थल शामिल हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान 1,279 मस्जिदों और 199 मंदिरों से लाउडस्पीकर हटाए गए। पुलिस का कहना है कि यह अभियान केवल ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से चलाया गया है और इसमें किसी भी धर्म के साथ भेदभाव नहीं किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हाल के दिनों में तेज आवाज वाले लाउडस्पीकरों को लेकर बड़ी संख्या में शिकायतें मिली थीं। इसके बाद विभिन्न जिलों में स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने धार्मिक स्थलों के प्रबंधन से संपर्क कर नियमों का पालन कराने के लिए कार्रवाई की। सबसे अधिक कार्रवाई उत्तर बंगाल के जिलों में की गई।
राज्य पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ध्वनि प्रदूषण से जुड़े नियमों का पालन सभी के लिए समान रूप से अनिवार्य है। प्रशासन का कहना है कि आगे भी जहां निर्धारित मानकों का उल्लंघन मिलेगा, वहां नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।