नई दिल्ली :- राजधानी दिल्ली में लाल किले के पास हुए धमाके के बाद पूरे देश में सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। इस घटना ने न केवल दिल्ली बल्कि पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। महाराष्ट्र से लेकर केरल तक हर राज्य में पुलिस और खुफिया विभाग अलर्ट पर हैं। रेलवे स्टेशन बस अड्डे और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को रोका जा सके।
दिल्ली पुलिस ने आसपास के इलाकों में ड्रोन सर्विलांस बढ़ा दिया है जबकि एनआईए और एनएसजी की टीमें घटनास्थल पर जांच कर रही हैं। धमाके की तीव्रता ज्यादा नहीं थी लेकिन इसके पीछे की मंशा को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि धमाका अचानक हुआ और उसके बाद चारों ओर अफरा तफरी मच गई। कई गाड़ियों के शीशे टूट गए और आसपास की दुकानों को नुकसान पहुंचा।
सरकारी सूत्रों के अनुसार यह जांच का विषय है कि यह किसी आतंकी साजिश का हिस्सा था या तकनीकी खराबी के कारण हुआ हादसा। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियों ने हर संदिग्ध पर नजर रखनी शुरू कर दी है और देश के सभी प्रमुख शहरों में चौकसी बढ़ा दी गई है। जनता से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें। इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा प्रणाली की गंभीरता को उजागर कर दिया है।